झांसी। झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे।बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आबान अहमद और प्रयागराज निवासी अहजम की मौत हो गई। वहीं मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार का वही हिस्सा सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हुआ, जहां आबान अहमद बैठे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर विभिन्न तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी साजिश या हत्या की पुष्टि नहीं की है। प्रारंभिक जांच में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
झांसी में सड़क हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो की मौत, तीन गंभीर घायल









