बकरा चुराकर काट रहे थे कसाई, महिला ने मचाया शोर तो…

बकरा चोरी कर काटने वाले गिरोह का वांछित आरोपी नदीम गिरफ्तार

शाहजहाँपुर।थाना सदर बाजार पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बकरा चोरी करने और उसे काटने के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

क्या था मामला?

जानकारी के अनुसार, बीती 25 मई 2026 को एक महिला (वादिनी) ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि अभियुक्त अयान (पुत्र बब्बू) और नदीम (पुत्र रईस) ने मिलकर उसका बकरा चुरा लिया और उसे काटकर बोरे में भरकर ले जाने की फिराक में थे। जब महिला ने शोर मचाया, तो आरोपी मांस से भरा बोरा छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 228/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2), 317(2) और 325 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत शुक्रवार (05 जून) को सदर बाजार पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान चौकी हद्दफ के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बकरा चोरी मामले का वांछित आरोपी नदीम अपनी दुकान के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है।

गिरफ्तारी का विवरण

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर के बताए स्थान मोहल्ला मामूडी की घेराबंदी की और घेराबंदी कर नदीम (उम्र 24 वर्ष, निवासी मोहल्ला हद्दफ) को शाम करीब 5:00 बजे धर दबोचा। जामा तलाशी और पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे उसके जुर्म और धाराओं से अवगत कराते हुए हिरासत में ले लिया।

Scroll to Top