शाहजहाँपुर (मदनापुर)। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मदनापुर पुलिस ने हत्या के प्रयास से जुड़े एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को सिकंदरपुर कलां जाने वाले मार्ग के पास से दबोचा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को ग्राम सिकंदरपुर कलां निवासी मुनेन्द्रपाल पुत्र छोटे ने थाना मदनापुर में मु0अ0सं0-303/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 191(2), 191(3), 109(1), 115(2), 352 और 351(3) में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि रामवीर पुत्र दफेदार, गोविन्द, मोहन, राजवीर, पंकज उर्फ कल्लू, गुड्डू, राकेश और पूर्णसिंह (सभी निवासी ग्राम सिकंदरपुर कलां) ने लाइसेंसी व अवैध हथियारों के साथ वादी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। जब बीच-बचाव करने वादी के पुत्र शिवम, सुरेन्द्र सिंह, आशीष प्रताप सिंह, कुलदीप और सुरेन्द्रपाल पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर जान से मारने की नीयत से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी।
गिरफ्तारी व आपराधिक इतिहास
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। मंगलवार (24 नवंबर 2026) को दोपहर करीब 1:25 बजे पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त रामवीर पुत्र दफेदार (उम्र करीब 59 वर्ष) निवासी ग्राम सिकंदरपुर कलां को सिकंदरपुर कलां जाने वाले रास्ते के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना मदनापुर में मु0अ0सं0-03/2018 (धारा 120बी, 147, 148, 149, 302, 452 भादवि) के तहत गंभीर मामला दर्ज रहा है।
पुलिस टीम
यह कार्रवाई एसपी शाहजहाँपुर के निर्देश, एएसपी नगर के मार्गदर्शन और सीओ सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह, व0उ0नि0 विजयपाल सिंह, हे0का0 धर्मेन्द्र सिंह और का0 अरविन्द कुमार शामिल रहे।









