मेरठ। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित एक होटल में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती बदहवास हालत में ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए मुख्य द्वार से बाहर की ओर भागी। युवती की चीख सुनकर राहगीर और स्थानीय दुकानदार कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पीछे से आए एक युवक ने उसे दबोच लिया और जबरन घसीटते हुए वापस होटल के भीतर ले जाने लगा। दिनदहाड़े हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
होटल स्टाफ पर भी उठे सवाल, छत से कूदकर भागा आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती की मदद के लिए जब आसपास के लोग और दुकानदार होटल के अंदर जाने लगे, तो होटल कर्मचारियों ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इस बात को लेकर वहां मौजूद भीड़ का गुस्सा भड़क गया और मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया। बाहर लोगों की बढ़ती भीड़ और खुद को घिरता देख आरोपी युवक घबरा गया और होटल की छत पर चढ़कर वहां से छलांग लगाकर फरार हो गया।
सोमवार से बंधक बनाकर रखने का आरोप
भीड़ के हस्तक्षेप के बाद सुरक्षित बाहर निकली युवती ने चौंकाने वाले खुलासे किए। मूल रूप से गाजियाबाद की रहने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया कि कंकरखेड़ा निवासी सलमान नामक युवक ने उसे सोमवार से ही इस होटल में बंधक बनाकर रखा हुआ था। मंगलवार को जैसे ही उसे थोड़ा मौका मिला, वह अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागी।
पुलिस जांच में जुटी, दर्ज हो रहा मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही अखिल भारत हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची सदर बाजार थाना पुलिस ने युवती को सुरक्षित अपनी अभिरक्षा में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
इस पूरे मामले पर सीओ सदर कैंट संजय गुप्ता ने बताया कि 24 नवंबर को आबूलेन स्थित होटल में युवक-युवती के बीच विवाद की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवती को सकुशल रेस्क्यू कर लिया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि युवती को किन परिस्थितियों में होटल में ठहराया गया था और इस पूरे प्रकरण में होटल प्रबंधन या कर्मचारियों की क्या भूमिका रही है।









