डकैती की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ के बाद 5 शातिर अपराधी गिरफ्तार; अवैध हथियार और भारी मात्रा में जेवरात बरामद

डकैती की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ के बाद 5 शातिर अपराधी गिरफ्तार; अवैध हथियार और भारी मात्रा में जेवरात बरामद

शाहजहाँपुर। थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर कार से भागने में सफल रहे। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

मजार के पास बन रही थी डकैती की योजना

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरदोई चौराहे से सीतापुर रोड स्थित शिव मंदिर के पीछे मजार के पास कुछ बदमाश इकट्ठा हैं और किसी बड़े घर में डकैती डालने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पकड़े गए बदमाशों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:राहुल,सुनील,गुड्डू सैफुद्दी,नमदनलाल

वहीँ, इनके दो अन्य साथी वारदात में इस्तेमाल कार लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

भारी मात्रा में माल और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में अवैध हथियार और चोरी का सामान बरामद किया है:

हथियार: 2 तमंचे और कारतूस

वाहन: 1 ओमनी कार और 1 स्प्लेंडर बाइक

नकद व मोबाइल: 2,000 रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन

अन्य: डकैती में इस्तेमाल होने वाले औजार और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण

कई गांवों में चोरी की वारदातें कबूलीं

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पिछले दिनों बाड़ीगांव, पंथी, रौरा, कुआडांडा और बमिहाना समेत कई गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी किया गया माल सुनील के किराये के कमरे में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

क्राइम हिस्ट्री और कार्रवाई:

गिरफ्तार बदमाशों का पुराना आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ पहले से ही लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। अब इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आयुध अधिनियम के तहत नया मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Scroll to Top