मुरादाबाद: अवैध संबंध के शक में पति ने मासूम बेटी के सामने पत्नी का घोंटा गला, हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपी

मुरादाबाद: अवैध संबंध के शक में पति ने मासूम बेटी के सामने पत्नी का घोंटा गला, हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपी

कुंदरकी (मुरादाबाद)।कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम शिमलाठेर में घरेलू कलह और शक के चलते एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात को अंजाम मासूम बेटी के सामने दिया गया। हत्या के बाद आरोपी पति भागने के बजाय काफी देर तक शव के पास ही बैठा रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

डीजे के शोर में दब गई मासूम की चीख

जानकारी के मुताबिक, शिमलाठेर निवासी महेश प्रजापति पेशे से पिकअप चालक है। बुधवार की रात करीब नौ बजे परिवार ने साथ में खाना खाया, जिसके बाद दोनों बेटे विष्णु और ललित छत पर बने कमरे में सोने चले गए। नीचे कमरे में महेश, उसकी पत्नी राजवती और 7 वर्षीय बेटी कनक मौजूद थे।महेश को शक था कि उसकी पत्नी का किसी से प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह बुधवार शाम को भी अपने प्रेमी से मिलकर लौटी थी। इसी बात को लेकर रात में दोनों के बीच विवाद और मारपीट शुरू हो गई। माता-पिता को लड़ता देख मासूम बेटी कनक जाग गई और उसने बीच-बचाव का प्रयास किया। लेकिन गुस्से में पागल महेश ने कपड़े (लोवर) से राजवती का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कनक ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाने की कोशिश की, लेकिन पास ही में एक मंगनी के कार्यक्रम में तेज आवाज में डीजे बज रहा था, जिसके कारण मासूम की आवाज बाहर नहीं जा सकी।

भाइयों को बुलाकर लाई रोती हुई बेटी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महेश शव के बगल में ही बैठ गया। डरी-सहमी कनक रोते हुए छत पर सो रहे अपने भाइयों के पास पहुंची और उन्हें नीचे लेकर आई। मां को जमीन पर बेसुध पड़ा देख बच्चों की चीख निकल गई। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

साहब! मना करने पर भी जाती थी मिलने’

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हम्बीर सिंह जादौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस हिरासत में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा, “साहब, मना करने के बाद भी वह प्रेमी से मिलने जाती थी, इसलिए मैंने उसे मार डाला।”

13 वर्ष पहले हुई थी शादी, दहेज प्रताड़ना का आरोप

उधर, मृतका के भाई गुड्डू (निवासी हसनपुर कला, डिडौली, अमरोहा) ने कुंदरकी थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन राजवती की शादी करीब 13 साल पहले महेश के साथ हुई थी। आरोप है कि महेश शादी के बाद से ही राजवती को लगातार प्रताड़ित करता आ रहा था और अब उसने उसकी जान ले ली।

मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति को पत्नी के प्रेम प्रसंग का शक था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

Scroll to Top