आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा कस्बे में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मां के साथ हो रहे विवाद के बीच बचाव और गुस्से में आकर एक कलयुगी छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद सक्रिय हुई जहानागंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 5 घंटे के भीतर हत्यारोपी भाई को आलाकत्ल (चाकू) के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
दुबई से 15 दिन पहले ही लौटा था मृतक, घर खर्च को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक दिलशेर अहमद पिछले दो साल से दुबई में रह रहा था और करीब 15 दिन पहले ही अपने घर नयापुरा लौटा था। मंगलवार की शाम को घर के खर्च को लेकर दिलशेर और उसकी मां के बीच तीखी कहासुनी हो रही थी। इसी बीच दिलशेर ने गुस्से में आकर मां को धमकाना शुरू कर दिया।मां के साथ हो रही बदसलूकी देख वहां मौजूद छोटा भाई मोहम्मद अनस उर्फ राजू (24 वर्ष) आगबबूला हो गया। गुस्से में आपा खोकर अनस ने पास में रखा चाकू उठाया और अपने बड़े भाई दिलशेर के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
बीच-बचाव करने आई पत्नी ने भागकर बचाई जान
थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में मृतक दिलशेर की पत्नी सुमैया अख्तरी ने थाने में तहरीर दी। सुमैया के मुताबिक, जब उनके पति और देवर अनस के बीच विवाद बढ़ा और अनस ने चाकू से हमला किया, तो उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोपी अनस ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर भाग निकलीं। चाकू के गंभीर वार के कारण दिलशेर अहमद की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: घेराबंदी कर पुलिया के पास से दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही जहानागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी की तलाश में नाकेबंदी कर दी।तभी देर रात मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करहा मार्ग स्थित पुनर्जी पुलिया के पास घेराबंदी की और वारदात के महज 5 घंटे के भीतर आरोपी मोहम्मद अनस उर्फ राजू को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।









