कांवड़ यात्रा के नाम पर गरीब व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगी सपा: तनवीर खान

शाहजहांपुर | 3 अगस्त 2026जनपद शाहजहांपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान के नेतृत्व में दर्जनों होटल व्यवसायियों और लाइसेंसी मांस विक्रेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांवड़ यात्रा के नाम पर पुलिस-प्रशासन द्वारा दुकानों को बंद कराने और रोजी-रोटी से खिलवाड़ करने के विरोध में कार्यकर्ताओं व दुकानदारों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा सिंह को सौंपा।इसके उपरांत, सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर इस पूरे प्रकरण पर विस्तृत वार्ता की और पत्र सौंपा। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सपा जिलाध्यक्ष को आश्वासन दिया कि इस समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा।

गैर-कांवड़ मार्गों पर भी दुकानें बंद कराने का आरोप

ज्ञापन के माध्यम से सपा ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन द्वारा उन मार्गों पर भी लाइसेंसी शाकाहारी व मांसाहारी होटलों तथा मांस की दुकानों को जबरन बंद कराया जा रहा है, जहाँ से कांवड़ यात्रा गुजरती ही नहीं है। पार्टी ने इस प्रकार की पुलिस उत्पीड़न की कार्रवाई पर तत्काल अंकुश लगाने की पुरजोर मांग की है।

“पुलिस कांवड़ यात्रा के नाम पर गरीब लोगों की रोजी-रोटी से खिलवाड़ कर रही है। जो लोग केवल होटल पर रोटी बना रहे हैं या शुद्ध शाकाहारी भोजन परोस रहे हैं, उनके खिलाफ भी बेवजह कार्रवाई की जा रही है। महानगर शाहजहांपुर सहित कटरा, जलालाबाद, तिलहर, निगोही, पुवायां और कांट जैसे उन सभी क्षेत्रों में जहाँ कांवड़ यात्रा का मार्ग नहीं है, यदि होटल और दुकानें नहीं खुलवाई गईं, तो समाजवादी पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।”— तनवीर खान, जिलाध्यक्ष (समाजवादी पार्टी)

सपा नगर अध्यक्ष ने रखी व्यावहारिक व्यवस्था की मांग

इस दौरान सपा नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्लाह सिद्दीकी ने कहा कि जहाँ कांवड़ मार्ग नहीं है, वहाँ के होटलों और मांस की दुकानों के लिए जिला प्रशासन द्वारा तय तीन दिवसीय बंदी (शनिवार, रविवार और सोमवार) का ही पालन कराया जाना चाहिए। बाकी चार दिन दुकानें खुली रहने दी जाएं, ताकि इन गरीब परिवारों का जीवन-यापन प्रभावित न हो। उन्होंने पुलिस को अनावश्यक रूप से गरीबों को परेशान न करने की चेतावनी दी।

Scroll to Top