शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश): स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), ‘हर घर तिरंगा’ अभियान (9 से 17 अगस्त) और ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ (14 अगस्त) को जिले भर में गरिमामय एवं भव्य तरीके से मनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
9 से 17 अगस्त तक फहरेगा तिरंगा, निकलेंगी रैलियां
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिले के सभी घरों, सरकारी व निजी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया जाए।
तिरंगा थीम पर विशेष प्रकाश एवं सजावट की जाएगी।
व्यापक जनसहभागिता के साथ ‘हर घर तिरंगा रैलियों’ का आयोजन होगा।
विशेष निर्देश: जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक रैली की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ की जाएगी।
14 अगस्त: कैंडल मार्च और 2 मिनट का मौन
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा।
इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश के विभाजन की पीड़ा, संघर्ष और प्रभावित लोगों के साहस व बलिदान से रूबरू कराना है।
इस अवसर पर त्रासदी के शिकार लोगों की याद में दो मिनट का मौन रखा जाएगा।
शहीद उद्यान से गांधी भवन तक एक विशाल कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का होगा सम्मान
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए। इसके अलावा, नगर क्षेत्र और जिले भर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी आयोजनों में सामूहिक राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान अनिवार्य रूप से आयोजित होगा।
ये अधिकारी रहे मौजूदबैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


