ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने अर्थी को दिया कांधा, मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई का दिया आश्वासन
शाहजहांपुर। कांट क्षेत्र के ग्राम कमलनयनपुर निवासी गौतम मौर्या की निर्मम हत्या के बाद रविवार को उनका अंतिम संस्कार अत्यंत गमगीन माहौल में संपन्न हुआ। गौतम की अंतिम यात्रा में पूरे क्षेत्र से हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। परिजनों का करुण विलाप देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। पूरे इलाके में शोक की लहर के साथ-साथ इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी व्याप्त है।
विधायक ने दिया कांधा, परिजनों को बंधाया ढांढस
अंतिम यात्रा में ददरौल के क्षेत्रीय विधायक अरविंद सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत गौतम की अर्थी को कांधा दिया और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान विधायक ने कहा कि उन्होंने इस संवेदनशील मामले को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता की है। वह शीघ्र ही पीड़ित माता-पिता को मुख्यमंत्री से मिलवाएंगे, ताकि परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता मिल सके।”हत्या के आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।”— अरविंद सिंह, विधायक (ददरौल)
फास्ट ट्रैक कोर्ट से कड़ी सजा की मांग
अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचे आसपास के गांवों और कस्बों के ग्रामीणों में हत्यारों के खिलाफ भारी आक्रोश दिखाई दिया। लोगों ने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कराकर आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए।









