मैनपुरी में सनसनीखेज वारदात: BSF जवान ने सोते समय फावड़े से काटकर की पत्नी की हत्या, 9 साल के मासूम ने खोला राज

मैनपुरी में सनसनीखेज वारदात: BSF जवान ने सोते समय फावड़े से काटकर की पत्नी की हत्या, 9 साल के मासूम ने खोला राज**

विवाद के बाद वारदात:छुट्टी पर आए बीएसएफ कर्मी ने पारिवारिक कलह में पत्नी के सिर पर फावड़े से किया वार

शातिराना चाल:हत्या के बाद बेखौफ होकर घर के बाहर जाकर सो गया आरोपी।

मासूम की गवाही: 9 साल के बेटे ने रोते हुए उजागर की पिता की करतूत, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में।

मैनपुरी (उत्तर प्रदेश)।मैनपुरी जिले के थाना क्षेत्र नगला देवजीत में एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां छुट्टी पर घर आए एक बीएसएफ (BSF) जवान ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी सो रही पत्नी की फावड़े से काटकर बेदर्दी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति बड़े आराम से घर के बाहर जाकर सो गया। सुबह मासूम बेटे द्वारा मां का खून से लथपथ शव देखने के बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।

नशे की हालत में हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, नगला देवजीत निवासी 40 वर्षीय संजेश यादव बीएसएफ में तैनात है और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग जम्मू में है। वह करीब 10 दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। शनिवार रात उसका अपनी 32 वर्षीय पत्नी नीतू से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद जब नीतू सो गई, तो संजेश ने घर में रखे फावड़े से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मासूम बेटे ने रो-रोकर बताया सच

अगले दिन सुबह जब मृतका का 9 वर्षीय बेटा निखिल जागा, तो उसने मां का खून से लथपथ शव देखा। मासूम चीखते-चिल्लाते हुए रोने लगा, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। बेटे ने बिलखते हुए बताया कि रात में पिता नशे की हालत में थे और मां के साथ उनका झगड़ा हुआ था।

मायके वालों ने की पिटाई, पुलिस ने हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी संजेश की मौके पर ही धुनाई कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आरोपी को ग्रामीणों के बीच से बचाकर हिरासत में लिया।

पिता का आरोप: अवैध संबंध और शराब की लत

मृतका नीतू के पिता बलराम यादव (निवासी नगला झाल, थाना कुर्रा) ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि संजेश शराब पीने का आदी है और उसके किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे। नीतू जब भी इसका विरोध करती थी, तो वह उसके साथ मारपीट और विवाद करता था। इसी रंजिश के चलते उसने बेटी की हत्या कर दी

आला-कत्ल बरामद, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आला-कत्ल (खून से सना फावड़ा) बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतका के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Scroll to Top