पुवायाँ (शाहजहाँपुर)। अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पुवायाँ पुलिस टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने घर में घुसकर युवती से छेड़खानी करने के मामले में वांछित चल रहे 20 वर्षीय अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक के निर्देशों और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) व क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पुवायाँ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
क्या था मामला?
मामला 24 जुलाई 2026 का है, जब वादिनी ने थाना पुवायाँ में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि पीलीभीत जिले के करेली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम लिलहर निवासी सूरज पुत्र रामसनेही ने उसके घर में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर उसकी पुत्री के साथ छेड़खानी की। वादिनी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 436/26, धारा 333/74 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया।मामले की विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान धारा 180/183 बीएनएसएस (BNSS) के अंतर्गत दर्ज किए गए। संकलित साक्ष्यों और जांच के आधार पर मामले में धारा 69 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। 28 जुलाई 2026 को सुबह करीब 09:00 बजे मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह और हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र प्रताप सिंह की टीम ने नहिलौरा खुर्द तिराहा स्थित बोर्ड के पास से अभियुक्त सूरज (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।









