प्रतिष्ठित कंपनी के ब्रांड की कथित डुप्लीकेसी का मामला, सात नमूने जांच को भेजे; पैकिंग मशीन और सैकड़ों खाली बोरे मिले शाहजहांपुर। दिल्ली की एक प्रतिष्ठित बेसन निर्माता कंपनी के ब्रांड की कथित डुप्लीकेसी की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश के बाद मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर के जियाखेल मोहल्ले में बड़ी कार्रवाई की। नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में हुई छापेमारी के दौरान दो औद्योगिक इकाइयों से करीब 32.87 लाख रुपये कीमत की 386 कुंतल दाल सीज की गई। साथ ही बेसन और दाल के सात नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार शिकायत थी कि विकास अग्रवाल और विवेक अग्रवाल द्वारा संचालित मै. आरव उद्योग और मै. श्रीकृष्णा इंडस्ट्रीज में एक प्रतिष्ठित कंपनी के ब्रांड की नकल कर उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। छापेमारी के दौरान मै. आरव उद्योग से संबंधित ब्रांड के बेसन और दाल से भरे 550 बोरे, एक पैकिंग मशीन तथा पैकिंग के लिए रखे करीब 200 खाली बोरे बरामद हुए।जांच में दोनों इकाइयों में विभिन्न ब्रांडों के करीब 3500 कुंतल बेसन और दाल का भंडारण मिला। टीम ने बेसन और विभिन्न दालों के सात नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। वहीं 1300 बोरों में रखी 386 कुंतल दाल, जिसकी अनुमानित कीमत 32 लाख 87 हजार रुपये है, को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुपुर्दगी में दे दिया गया।कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांडों के नाम से छपे करीब 800 खाली बोरे और एक पैकिंग मशीन भी मिली, जिनकी जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि मामले में दिल्ली की शिकायतकर्ता कंपनी की ओर से कॉपीराइट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शाहजहांपुर;डीएम के निर्देश पर बेसन फैक्ट्री पर छापा, 32.87 लाख की दाल सीज









