बरेली में दर्दनाक हादसा: भाई के सामने मसाला चक्की के पट्टे में फंसा किशोर, मौके पर ही थमी सांसें

भाई के सामने मसाला चक्की के पट्टे में फंसा किशोर, मौके पर ही थमी सांसें

बरेली / देवचरा:बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के देवचरा गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। घर में ही लगी मसाला चक्की का पट्टा बदलने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर उसकी चपेट में आ गया। चक्की के पट्टे में बुरी तरह फंसने के कारण किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से हंसते-खेलते परिवार में कोहराम मच गया है।

बड़े भाई के सामने हुआ हादसा, पढ़ाई में होनहार था आशीष

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवचरा निवासी 15 वर्षीय आशीष उर्फ आधार मौर्य कक्षा आठ का छात्र था और पढ़ाई में बेहद होनहार था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब बिजली आई, तो आशीष के बड़े भाई प्रशांत ने घर में लगी मसाला चक्की को चालू किया। ग्राहकों का मसाला पीसने के दौरान प्रशांत ने आशीष से चक्की का पट्टा बदलने के लिए कहा।जैसे ही आशीष पट्टा बदलने लगा, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह घूमते हुए पट्टे की चपेट में आ गया। भाई के सामने ही वह लहूलुहान होकर तड़पने लगा।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें

मसाला चक्की में फंसकर गंभीर रूप से जख्मी हुए आशीष को लेकर परिजन तुरंत बरेली के एक निजी अस्पताल की तरफ भागे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मां और भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल

आशीष अपने परिवार में सबसे छोटा और सबका बेहद लाड़ला था। इस खौफनाक हादसे के बाद से मां विमला देवी, बड़े भाई प्रशांत और बहन किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना के बाद से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार की जीविका इसी मसाला चक्की और सेलर पर निर्भर है। बड़ी बहन किरन की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई प्रशांत घर के इस कारोबार में हाथ बंटाता था। सबसे छोटे और होनहार बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से विमला देवी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

Scroll to Top