शाहजहाँपुर(रोजा):जनपद में अपराधियों और वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रोजा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने महिला को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और अन्य गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बीती 20 अप्रैल 2026 को रोजा थाने में एक व्यक्ति ने तहरीर दी थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि अर्जुन पुत्र सालिक, निवासी ग्राम सिसनई (थाना सेहरामऊ दक्षिणी, शाहजहाँपुर) उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 – 178/2026 धारा 87 बीएनएस (BNS) के तहत केस दर्ज किया था। विवेचना के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें धारा 69 और 351(3) बीएनएस की वृद्धि की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछितों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान आज बुधवार (10 जून 2026) को रोजा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र के कुशल नेतृत्व में टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोपहर करीब 03:20 बजे जमुका दोराहा के पास से अभियुक्त अर्जुन को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
आरोपी को दबोचने में थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र के साथ उपनिरीक्षक विनीत कुमार, कांस्टेबल शीशपाल सिंह और कांस्टेबल निशांत कुमार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।









