शाहजहाँपुर की महिला हेड कांस्टेबल रितु ने वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल, पुलिस विभाग का बढ़ाया मान

शाहजहाँपुर की महिला हेड कांस्टेबल रितु ने वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल, पुलिस विभाग का बढ़ाया मान

शाहजहाँपुर। जनपद के खुदागंज थाने में तैनात महिला मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) रितु ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन किया है। उन्होंने गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रथम वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया है।

ट्रेडिशनल इंडिविजुअल इवेंट में मारी बाजी

यह प्रतियोगिता 4 जून 2026 से 8 जून 2026 तक अहमदाबाद में आयोजित की गई थी। इसमें प्रतिभाग करते हुए महिला मुख्य आरक्षी रितु ने 6 जून को आयोजित ‘ट्रेडिशनल इंडिविजुअल इवेंट’ में अपने बेहतरीन योग कौशल, संतुलन और अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत स्वर्ण पदक हासिल किया।

मेरठ पीएसी वाहिनी में लिया प्रशिक्षण

महिला मुख्य आरक्षी रितु (पीएनओ-212671673) वर्ष 2023 से 6वीं वाहिनी पीएसी, मेरठ की योगा टीम के साथ लगातार अभ्यास और कड़ी ट्रेनिंग ले रही थीं। उनकी इस कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल भावना के चलते ही उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय कामयाबी हासिल हुई है।

विधायक और वर्ल्ड योगासन निदेशक ने किया सम्मानित

चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद रितु को वर्ल्ड योगासन भारत के निदेशक डॉ. जयदीप आर्या और अहमदाबाद के विधायक हर्षद पटेल द्वारा सम्मानित व पुरस्कृत किया गया।

सहकर्मियों और अफसरों ने दी बधाई

महिला मुख्य आरक्षी रितु की इस बड़ी उपलब्धि पर पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों, सहकर्मियों और अन्य स्टाफ ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विभाग का कहना है कि रितु की यह सफलता अन्य पुलिसकर्मियों, खासकर महिला पुलिसकर्मियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनेगी। शाहजहाँपुर पुलिस परिवार ने उन्हें इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी है।

Scroll to Top