शाहजहांपुर, 21 नवंबर।वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा सामान्य चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ तिलहर तहसील स्थित ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा। यह निरीक्षण मतदाता जागरूकता और प्रशिक्षण अभियान के तहत किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र पर मौजूद एक महिला मतदाता से ईवीएम के जरिए डेमो वोट डलवाया और वीवीपैट से निकली पर्ची का मिलान कर उसकी पारदर्शिता की पुष्टि की। इसके साथ ही डीएम ने सेंटर पर आने वाले लोगों का रिकॉर्ड रखने वाले आगंतुक रजिस्टर की भी जांच की।
मतदाताओं की शंकाएं दूर करने पर जोर
मौके पर मौजूद अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र पर अधिक से अधिक नागरिकों और मतदाताओं को ईवीएम व वीवीपैट के काम करने के तरीके की जानकारी दी जाए। उन्होंने जोर दिया कि मतदान प्रणाली को लेकर लोगों के मन में जो भी सवाल या शंकाएं हैं, उनका समाधान करना बेहद जरूरी है, ताकि हर मतदाता निश्चिंत होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
मुख्यालय समेत सभी तहसीलों में खुले हैं केंद्र
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आम लोगों को मतदान मशीनों की प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए पूरे जिले में व्यवस्था की गई है। जिला मुख्यालय पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के साथ-साथ जिले की सभी तहसीलों में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर बनाए गए हैं, जहां जाकर कोई भी नागरिक ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को खुद देख और समझ सकता है।









