बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 28 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। मृतक पुलिसकर्मी की पत्नी की शिकायत के आधार पर आरोपी युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
घटना बलिया के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र की है, जहां सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने कथित तौर पर रेलवे ट्रैक पर जाकर अपनी जान दे दी। संतकबीरनगर जिले के रहने वाले संदीप बीते करीब 11 महीने से चितबड़ागांव थाने में कार्यरत थे। लोको पायलट से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां घटनास्थल के पास उनकी बुलेट बाइक खड़ी मिली।
पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, मृतक दरोगा की पत्नी रागिनी ने थाने में तहरीर देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर चितबड़ागांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत केस पंजीकृत किया है।
परिजनों और शिकायत में लगाए गए आरोपों के मुताबिक, सब-इंस्पेक्टर संदीप बीते कुछ समय से मानसिक रूप से काफी दबाव में थे। आरोप है कि सिकंदरपुर क्षेत्र के सिसोटार गांव की रहने वाली 22 वर्षीय युवती उन पर शादी का दबाव बना रही थी, पैसों की मांग कर रही थी और उन्हें पत्नी रागिनी से मिलने-जुलने से भी रोक रही थी। इन्हीं बातों से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान, पुराना मामला भी चर्चा में
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती और सब-इंस्पेक्टर के बीच फेसबुक के माध्यम से संपर्क हुआ था और दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध थे। जिला पुलिस अधीक्षक इराज राजा ने जानकारी दी कि जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि संबंधित युवती ने करीब दो वर्ष पहले भी एक पुलिसकर्मी के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिस मामले में एक सिपाही जेल में है।
रेलवे स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी युवती को रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक बगीचे से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
एसपी इराज राजा ने बताया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।









