आगरा (उत्तर प्रदेश)। ताजनगरी के अछनेरा थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुकथला गांव में 32 वर्षीय लोकेंद्र ने घरेलू विवाद के चलते अपनी 30 वर्षीय पत्नी चांदनी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने घर के पीछे बने बाड़े (टिनशेड) में शव को जलाया और सबूत मिटाने के इरादे से हड्डियों व राख को आगरा ले जाकर यमुना नदी में बहा दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की फर्जी शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और फोरेंसिक जांच के आगे आरोपी की चालाकी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर यमुना किनारे से मृतका की हड्डियां और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
मोबाइल की लोकेशन बदली, मासूम बच्ची ने खोला राज
4 साल पहले शादी के बंधन में बंधे लोकेंद्र और चांदनी की 2 साल की मासूम बेटी है। मायके पक्ष का आरोप है कि लोकेंद्र अक्सर चांदनी के साथ मारपीट करता था। मंगलवार शाम आरोपी ने चांदनी की हत्या कर शव को जला दिया।
इसके बाद आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए अपना मोबाइल घर पर बंद करके छोड़ दिया और पत्नी का मोबाइल सिकंदरा क्षेत्र में फेंक दिया, ताकि पुलिस का ध्यान भटक सके। फिर खुद अछनेरा थाने पहुंचकर पत्नी के लापता होने की सूचना दी।
बुधवार को जब पुलिस जांच के लिए गांव पहुंची, तो मृतका की 2 साल की बच्ची गांव की एक दुकान के बाहर अकेली खेलती मिली। इतनी छोटी बच्ची को छोड़कर मां के अचानक गायब होने पर पुलिस को लोकेंद्र पर गहरा शक हुआ।
सख्ती से पूछताछ में कबूला जुर्म
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जहां से कई संदिग्ध साक्ष्य मिले। इसके बाद जब पुलिस ने लोकेंद्र को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया, “मायके पक्ष की शिकायत और गुमशुदगी की जांच के दौरान पति से पूछताछ की गई। आरोपी ने घरेलू क्लेश के चलते पत्नी की हत्या कर शव जलाने और अवशेषों को यमुना में फेंकने की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर अवशेष और मोबाइल बरामद कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”









