अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश): जिले के सिंचाई विभाग कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर एक भाजपा नेता और विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) आमने-सामने आ गए। गुस्साए भाजपा नेता ने अधिकारी की मेज पर जोर से हाथ पटकते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए और तीखी नोकझोंक की। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है, जिसने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। (नोट: हमारा पोर्टल इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)
क्या है पूरा विवाद?
मामला 25 नवंबर का बताया जा रहा है, जब भाजपा नेता डॉ. निशित शर्मा कोल रजबहा (नहर) पर हुए अवैध कब्जों की शिकायत लेकर सिंचाई विभाग के एक्सईएन राजेंद्र कुमार के पास पहुंचे थे। बातचीत के दौरान मामला इतना गरमा गया कि डॉ. शर्मा ने अधिकारी पर जानबूझकर कार्रवाई टालने और मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप मढ़ दिया।
कागजों में 45 किमी लंबी नहर, जमीन से 37 चेनेज गायब
डॉ. निशित शर्मा के अनुसार, कोल रजबहा की कुल लंबाई 45.35 किलोमीटर है, लेकिन अवैध कब्जों के कारण 37 चेनेज पर इसका अस्तित्व ही खत्म हो गया है। महेशपुर फाटक से लेकर अलीगढ़ कमिश्नरी तक रजबहा की जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध व्यावसायिक और धार्मिक निर्माण कर लिए गए हैं।
किसानों के खेत सूखे, आदेशों पर जमी धूल
इस अतिक्रमण का सीधा खामियाजा क्षेत्र के अन्नदाताओं को भुगतना पड़ रहा है। पानी की सप्लाई बाधित होने से कोल विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों—जिनमें भदेशी, कमालपुर, कोछोड़, रुस्तमपुर, गजनीपुर, गड़राना और भरतुआ शामिल हैं—के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।
2024 से चल रही है कार्रवाई की मांग
भाजपा नेता ने बताया कि वे वर्ष 2024 से लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र विधान परिषद सदस्य (MLC) मानवेंद्र प्रताप सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री के ओएसडी (OSD) को भी सौंपा गया था। इससे पहले जिलाधिकारी (DM) कार्यालय और प्रशासन स्तर से भी अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट आदेश जारी हो चुके हैं। अब मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश मिलने के बावजूद धरातल पर कार्रवाई न होने से नाराजगी खुलकर सामने आ गई है।









