रसोइयों के सम्मान के साथ कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, मानदेय में ₹3,000 की वृद्धि

रसोइयों के सम्मान के साथ कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, मानदेय में ₹3,000 की वृद्धि

शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पीएम पोषण योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के लिए एक बड़ी सौगात दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।

गांधी भवन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान रसोइयों के मानदेय में ₹3,000 प्रतिमाह की वृद्धि की घोषणा की गई। इसके अलावा, रसोइयों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी साझा किए गए:

दुर्घटना बीमा: परिवार में दुर्घटना होने की स्थिति में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के माध्यम से ₹2 लाख की आर्थिक सहायता।

यूनिफॉर्म भत्ता: ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दिया गया है।

स्वास्थ्य सुरक्षा: शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की तर्ज पर अब रसोइयों और उनके परिजनों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।

समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा विभिन्न प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के रसोइयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड तथा मानदेय वृद्धि के चेक प्रदान किए गए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद के 2,805 विद्यालयों में कुल 7,625 रसोइये कार्यरत हैं, जिन्हें इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह सहित शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Scroll to Top