पौधरोपण की ‘हरितमा एप’ पर शत-प्रतिशत जियोटैगिंग के निर्देश
अस्पतालों से नियमित बायो वेस्ट उठाने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील
शाहजहांपुर। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और गंगा स्वच्छता को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।
पौधरोपण सत्यापन और जियोटैगिंग पर जोर
वृक्षारोपण समिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ‘वृक्षारोपण जन अभियान-2026’ के तहत लगाए गए सभी पौधों की शत-प्रतिशत जियोटैगिंग फोटोग्राफ्स ‘हरितमा एप’ पर तत्काल अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने पिछले वर्ष हुए पौधरोपण के सत्यापन रिपोर्ट की जांच व्याख्या डीएफओ को उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।
अस्पतालों से नियमित उठाया जाए बायो मेडिकल वेस्ट
पर्यावरण समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के तहत एमआरएफ सेंटर (MRF Center) के निर्माण और उसके संचालन पर चर्चा हुई।
नगरीय ठोस अपशिष्ट के एकत्रीकरण, परिवहन, कम्पोस्टिंग, लिगेसी वेस्ट और बायो-मेडिकल वेस्ट की स्थिति का जायजा लिया गया।
वाहनों से होने वाले प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी कि अस्पतालों से बायो-मेडिकल वेस्ट का नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए।
तिलहर एमआरएफ सेंटर और मिर्जापुर के कछुआ तालाब पर चर्चा
जिला गंगा समिति की बैठक में गंगा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु:
नगर पालिका परिषद तिलहर में स्थित एमआरएफ सेंटर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार को समयबद्ध समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए।
विकासखंड मिर्जापुर के ग्राम पहरुआ स्थित ‘कछुआ तालाब’ के संरक्षण और नेचर-बेस्ड सॉल्यूशन स्थापित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय विषय विशेषज्ञों से विमर्श कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
कपड़े के थैलों का वितरण
भू-जल सप्ताह के समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों व कर्मचारियों को कपड़े के बैग वितरित किए।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी:
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) उत्कर्ष द्विवेदी, प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) सचिन कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, डीपीओ विनय सक्सेना सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।









