बिजनौर/नगीना:
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से उत्तराखंड के देहरादून जा रही एक यात्रियों से भरी निजी बस शुक्रवार को बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में भीषण हादसे का शिकार हो गई। रोशनपुर प्रताप के पास अनियंत्रित होकर बस डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे के वक्त बस में कुल 65 यात्री सवार थे, जिससे चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
8 यात्रियों की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) राजेश कुमार ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश (30 वर्ष), निवासी तेहरा गांव (धौरहरा, लखीमपुर खीरी) के रूप में हुई है। दुर्घटना में कुल 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 8 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया है।
नगीना CHC में कराया गया उपचार
बाकी मामूली रूप से घायल 22 यात्रियों का नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में इलाज किया गया। डॉक्टरों द्वारा फिट घोषित किए जाने के बाद उन्हें दूसरी गाड़ियों से आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मजदूरी करने जा रहे थे यात्री: पुलिस के मुताबिक, बस में सवार अधिकांश यात्री मजदूर वर्ग के थे, जो अपनी आजीविका कमाने के लिए लखीमपुर खीरी से देहरादून जा रहे थे।









