शाहजहांपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मिर्जापुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 15.074 किलोग्राम डोडा, 48 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर कुनिया शाहनजीरपुर बाजार के पास घेराबंदी
थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार रात मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम कुनिया शाहनजीरपुर बाजार के पास घेराबंदी की। रात करीब 10:49 बजे पुलिस ने तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक बैग से 9.992 किलोग्राम और दूसरे पिठ्ठू बैग से 5.082 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। साथ ही तस्करी के 48 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पंजाब से डोडा खरीदने पहुंचे थे दो आरोपी
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलख्खन सिंह (37) पुत्र हंसराज व मानसिंह (22) पुत्र बलकार सिंह (निवासी बाजीगर बस्ती, थाना बनूढ़, जनपद पटियाला, पंजाब, हाल निवासी मोहाली) और द्रगपाल (60) पुत्र छोटे सिंह (निवासी ग्राम बहरिया, थाना मिर्जापुर) के रूप में हुई है।पूछताछ में पंजाब निवासी सुलख्खन और मानसिंह ने बताया कि वे डोडा खरीदने के लिए मिर्जापुर के द्रगपाल के पास आए थे और बरामद 48 हजार रुपये उसे भुगतान के रूप में देने थे। वहीं द्रगपाल ने बताया कि वह अज्ञात व्यक्ति से माल खरीदकर बेचने का काम करता है और इसी मुनाफे से अपना परिवार चलाता है।
पुराना आपराधिक इतिहास और मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तीनों के खिलाफ मु.अ.सं. 175/26, धारा 8/15 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी द्रगपाल के खिलाफ वर्ष 2012 में भी गंभीर धाराओं (323, 342, 363, 366, 376 भादवि) में मामला दर्ज रह चुका है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार, उपनिरीक्षक बंटी कुमार, हेड कांस्टेबल मो. इस्माइल, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह और कांस्टेबल आकाश पुंडीर शामिल रहे।









