पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली 20 साल की छात्रा की उसके क्लासमेट ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद क्लासमेट भागने लगा। लेकिन, मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।वारदात मंगलवार सुबह 9:30 बजे मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन रूम की है। बरेली की रहने वाली छात्रा कशिश सीटी स्कैन रूम में थी। तभी उसके साथ पढ़ने वाला सागर सिंह वहां पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी बीच सागर ने बैग से चाकू निकालकर कशिश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।वह बचने के लिए भागी, लेकिन सागर ने दौड़ाकर कई वार किए। बीच-बचाव में एक महिला कर्मचारी भी घायल हो गई। कशिश और महिला कर्मचारी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। लेकिन, दोनों की हालत बिगड़ती जा रही थी। इसलिए उन्हें बरेली के SRMS अस्पताल (श्री राम मूर्ति स्मारक चिकित्सा विज्ञान संस्थान) रेफर कर दिया गया।दोपहर 2 बजे कशिश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच में सामने आया कि सागर उससे एकतरफा प्यार करता था। पुलिस सागर से पूछताछ करने में जुटी है। वहीं, छात्रा की हत्या के बाद पैरामेडिकल के स्टूडेंट प्रदर्शन करने लगे। छात्रा के माता-पिता बरेली पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। मां बदहवास नजर आईं। उन्हें लोग संभालते दिखे।सीटी स्कैन का कोर्स कर रही थी छात्राकशिश पटेल पैरामेडिकल की छात्रा थी। वह 10 महीने से पीलीभीत में रहकर सीटी स्कैन का कोर्स कर रही थी। वहीं, सागर सिंह (19) कानपुर का रहने वाला है। वह एक्स-रे टेक्नीशियन का कोर्स कर रहा है। सागर के पिता राम अवतार राजमिस्त्री का काम करते हैं। बड़ा भाई तेज सिंह ड्राइवर है। उसकी 3 बहनें हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। दूसरी बहन प्रीति मेडिकल क्षेत्र में प्राइवेट नौकरी करती है। सबसे छोटी बहन अंशिका एएनएम की पढ़ाई कर रही है।साथ पढ़ने वाले छात्रों के मुताबिक, कशिश और सागर के बीच अफेयर था। मंगलवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।प्रत्यक्षदर्शी छात्रों ने बताया- कशिश सुबह 9 बजे कॉलेज पहुंची। तभी सागर भी बैग में 12 इंच लंबा चाकू छिपाकर जा पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर हम लोग मौके पर पहुंचे, तो कशिश खून से लथपथ पड़ी थी।
छात्र सुजीत बोला- घटना के बाद से डर का माहौलछात्र सुजीत कुमार ने बताया कि कशिश और सागर उनके बैचमेट थे। दोनों के बीच कुछ चल रहा था। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में कभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। घटना के बाद कॉलेज के छात्रों में भय का माहौल है। उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है।









