शाहजहांपुर। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव-2026 के सपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर के समर्थन में महानगर के सुभाषनगर स्थित बंधन मैरिज लॉन में पार्टी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधकों का समन्वय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री मोहम्मद अनीस अहमद खान उर्फ फूल बाबू रहे। दोनों नेताओं का सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुके व फूलमालाओं से स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।मुख्य अतिथि लाल बिहारी यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों, वित्तविहीन शिक्षकों, सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों तथा मदरसा शिक्षकों की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की धुरी हैं। सपा सरकार बनने पर शिक्षकों के हितों की रक्षा, पुरानी पेंशन बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय सहित विभिन्न लंबित मांगों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शिक्षक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और अधिक से अधिक मतदाता बनवाने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री मोहम्मद अनीस अहमद खान ने कहा कि पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विद्यालयों तक पहुंचकर शिक्षक मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखें। उन्होंने शिक्षक एमएलसी चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। सपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर ने कहा कि यदि उन्हें शिक्षकों का समर्थन मिला तो वह विधान परिषद में शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करेंगे। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रबंधकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में पूर्व विधायक राजेश यादव, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा, पूर्व एमएलसी कुंवर जयेश प्रसाद, पूर्व एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यालय प्रबंधक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन पूर्व जिला महासचिव रामसागर यादव ने किया।आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar
।









