शाहजहांपुर। थाना निगोही क्षेत्र के एक मकान में चल रही शराब पार्टी पर पुलिस ने हिंदूवादी संगठन की सूचना पर छापेमारी की। मौके से पुलिस ने एक नाबालिग लड़की और करीब एक दर्जन युवकों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवक शाहजहांपुर और आसपास के जिलों के बताए जा रहे हैं, जबकि नाबालिग लड़की हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली है। पुलिस सभी को थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता
जानकारी के अनुसार, निगोही थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने एक मकान के अंदर कई युवकों और एक लड़की को जाते देखा। संदिग्ध गतिविधि प्रतीत होने पर स्थानीय निवासियों ने इसकी जानकारी हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया।
मकान के अंदर का नजारा देख पुलिस भी रह गई दंग
हिंदूवादी संगठन की सूचना पर जब निगोही पुलिस ने बताए गए मकान पर छापेमारी की, तो अंदर का नजारा देख अधिकारी भी हैरान रह गए। कमरे के भीतर करीब 12 युवक और एक नाबालिग लड़की मौजूद थे। तलाशी के दौरान मकान में जगह-जगह शराब और बीयर की बोतलें बिखरी पड़ी थीं और कुछ गिलासों में शराब भरी हुई थी। पुलिस ने मौके से सभी को हिरासत में ले लिया।
फरीदाबाद की रहने वाली है नाबालिग, युवकों से पूछताछ जारी
पुलिस पूछताछ में लड़की ने अपनी उम्र 17 साल बताई और खुद को हरियाणा के फरीदाबाद की निवासी बताया। उसने मौके पर मौजूद एक युवक को अपना भाई बताया, लेकिन जांच में वह उसका सगा भाई नहीं निकला। मौके पर शराब का दौर चलने के कारण पुलिस को उसकी बातों पर गहरा संदेह है।
वन स्टॉप सेंटर भेजी गई नाबालिग, परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने नाबालिग लड़की को सुरक्षा के लिहाज से वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। उसके परिजनों से संपर्क कर लिया गया है, जो शुक्रवार को शाहजहांपुर पहुंचेंगे। वहीं, हिरासत में लिए गए युवकों और मकान मालिक के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि एक मकान में संदिग्ध पार्टी होने की शिकायत मिली थी। मौके से एक नाबालिग लड़की और कई युवकों को हिरासत में लिया गया है। लड़की के परिवार को सूचित कर दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









