भीषण गर्मी में पुलिस परीक्षा के अभ्यर्थियों के मददगार बने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता, लगाया शरबत का स्टॉल

भीषण गर्मी में पुलिस परीक्षा के अभ्यर्थियों के मददगार बने युवा कांग्रेस

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान शाहजहांपुर में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से बेहाल परीक्षार्थियों की मदद के लिए युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आगे आए। दोनों संगठनों के संयुक्त नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास एक विशाल शरबत वितरण स्टॉल लगाया गया, जहां हजारों परीक्षार्थियों, राहगीरों और मुस्तैद पुलिसकर्मियों को ठंडा पानी व शरबत पिलाकर राहत दी गई।स्टॉल का उद्घाटन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ‘मुन्ना’ ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि, “कांग्रेस के युवा नेताओं द्वारा किया गया यह सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय है। समाज में समय-समय पर ऐसे सामाजिक कार्य होते रहने चाहिए, जिससे समाज सेवा के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिले।”

मुश्किल घड़ी में युवाओं के साथ खड़ी है कांग्रेस: राम जी अवस्थी

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राम जी अवस्थी ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए हमारे युवा भाई-बहन बेहद परेशान थे। ऐसे में उनके कष्ट को कम करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। युवा कांग्रेस हमेशा से युवाओं की हर मुश्किल में उनके साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि भले ही यह एक छोटा सा प्रयास है, लेकिन अगर इससे किसी भी परीक्षार्थी को थोड़ी राहत मिली है, तो हमारा यह प्रयास सार्थक है।

छात्रों के हित और सेवा के लिए हमेशा तत्पर: रफी उल हसन

एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष रफी उल हसन ने कहा कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण और तनावपूर्ण मौके पर गर्मी से जूझ रहे छात्रों के लिए यह स्टॉल लगाना एनएसयूआई की छात्र-हितैषी सोच को दर्शाता है। आज का यह कार्यक्रम छात्रों के प्रति हमारी संवेदनशीलता का प्रतीक है और भविष्य में भी छात्रों की मदद के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

इस सेवा कार्य के दौरान मुख्य रूप से महानगर उपाध्यक्ष अदीब अहमद, एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष अनुभव कटारिया, युवा जिला महासचिव शिवओम मिश्रा, नितिन तिवारी, सुधांशु मिश्रा, मोहसिन खान, आमिल खान, शाहनवाज खान, अनुभव द्विवेदी, अयान खान, शिवांश मिश्रा, केशव मिश्र, शाश्वत मिश्रा, फरमान खान, उमंग त्रिवेदी और शिवम यादव सहित सैकड़ों की संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे और सेवा कार्य में हाथ बंटाया।

Scroll to Top