​प्रेम विवाह का खौफनाक अंजाम! अस्पताल के गेट के पास कार में मिली लाश, मचा हड़कंप

​प्रेम विवाह का खौफनाक अंजाम! अस्पताल के गेट के पास कार में मिली लाश, मचा हड़कंप

बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र में आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने के कारण खून का थक्का जमने से मौत होने की पुष्टि हुई है। मृतका के पिता ने पति समेत छह ससुरालियों पर पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद आरोपित कार में शव रखकर अस्पताल के गेट के पास छोड़कर फरार हो गए थे।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद

भमोरा क्षेत्र के गांव बल्लिया निवासी चंद्रशेखर के अनुसार, उनकी बहन प्रिया देवी (26) ने करीब दो वर्ष पहले फरीदपुर के गांव हृदयपुर निवासी राजेश के साथ प्रेम विवाह किया था। उस समय दोनों परिवारों की रजामंदी थी। पिता उदयवीर ने बताया कि विवाह के करीब तीन माह बाद जब प्रिया मायके आई, तब उसने ससुराल में दहेज की मांग को लेकर परेशान किए जाने की बात बताई। आरोप है कि पति राजेश, ससुर डोरीलाल, सास जयश्री, ननद सीमा, देवर धर्मेंद्र उर्फ कार्तिक और जेठ ब्रजेश पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आर्थिक स्थिति का हवाला देकर पिता ने असमर्थता जताई थी।

उत्पीड़न और समझाइश का प्रयास

परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने प्रिया के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पिता उदयवीर, भाई चंद्रशेखर और मामा रामसेवक ने हृदयपुर जाकर ससुराल वालों को समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन व्यवहार में बदलाव नहीं आया।

अस्पताल के बाहर कार में मिला शव

चंद्रशेखर ने बताया कि 23 नवंबर को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि प्रिया की तबीयत खराब है और उसे मिशन अस्पताल ले जाया गया है। जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे तो वहां ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जबकि अस्पताल के गेट के पास खड़ी एक निजी कार में प्रिया का शव पड़ा मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि आठ माह की गर्भवती प्रिया की पीटकर हत्या की गई और शव को कार में छोड़कर ससुरालवाले भाग निकले।

पुलिस जांच और कार्रवाई

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मंगलवार देर रात पति समेत छह नामजद आरोपितों के विरुद्ध दहेज हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर की चोट से खून के थक्के जमने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस टीम मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Scroll to Top