बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में एम्बुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, जयपुर से शव लेकर गाजीपुर की ओर जा रही एक एम्बुलेंस आगे खड़े पिकअप वाहन से पीछे से टकरा गई।
यह घटना शनिवार सुबह लगभग 6:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 53.3 किलोमीटर पॉइंट के पास सुबेहा थाना क्षेत्र के घेरावन गांव के नजदीक हुई। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस की गति तेज थी और वह आगे खड़े पिकअप से जा भिड़ी। मृतकों में दो एम्बुलेंस चालक और तीन अन्य लोग शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच
पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस राजस्थान के जयपुर से शव लेकर गाजीपुर जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और धुंध को इस दुर्घटना के संभावित कारणों के रूप में देखा जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि पिकअप वाहन वहां किस स्थिति में खड़ा था और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









