जयपुर: तेज रफ्तार SUV की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, 20 फीट दूर जा गिरे शव

जयपुर: तेज रफ्तार SUV की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, 20 फीट दूर जा गिरे शव

जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले में फागी के पास शुक्रवार देर शाम एक बेहद भयानक सड़क हादसा हो गया। सरमथुरा-फलोदी मेगा हाईवे पर माधोराजपुरा रोड के पास तेज रफ्तार बेकाबू SUV ने सड़क किनारे फसल सुखा रहे एक ही परिवार के चार लोगों को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों शव घटनास्थल से करीब 20 फीट दूर जा गिरे। सभी चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।

काम में हाथ बंटा रहा था पूरा परिवार

यह हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ। फागी के धामुनियों का मोहल्ला निवासी सत्यनारायण कुम्हार (60) अपने खेत से काटी गई मूंग की फसल को सड़क किनारे सुखा रहे थे। उनकी पत्नी मनमौजी (55) और दो बहुएं अमृता (30) व शिमला (25) भी उनका हाथ बंटा रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही SUV चारों को कुचलते हुए निकल गई।

मृतकों की पहचान

सत्यनारायण कुम्हार (60 वर्ष)

मनमौजी देवी (55 वर्ष) – सत्यनारायण की पत्नी

शिमला (25 वर्ष) – पत्नी सुरेश

अमृता (30 वर्ष) – पत्नी बद्री

मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतक अमृता के परिवार में 15 साल की बेटी प्रियंका और 13 साल का बेटा हिमांशु हैं। इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है; कुछ साल पहले भी एक सड़क हादसे में इन्होंने अपने 5 साल के बेटे को खो दिया था।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

हादसे के बाद फागी पुलिस ने शवों को उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। घटना की खबर फैलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर जुटना शुरू कर दिया और जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे को जाम कर धरना शुरू कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

DSP अनिल डोरिया, SHO पुष्पेंद्र बंसीवाल, ASP शिवलाल बैरवा और SDO बलबीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। देर रात करीब 10 बजे प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

Scroll to Top