बुलडोजर एक्शन: शाहजहांपुर के चर्चित गौतम हत्याकांड के आरोपी समीर का अवैध दो मंजिला मकान जमींदोज

बुलडोजर एक्शन: शाहजहांपुर के चर्चित गौतम हत्याकांड के आरोपी समीर का अवैध दो मंजिला मकान जमींदोज

शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के मोहल्ला कमलनैनपुर में हुए चर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी समीर के दो मंजिला अवैध मकान पर बृहस्पतिवार को नगर पंचायत और पुलिस-प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चला दिया। नगर पंचायत की टीम ने करीब छह घंटे तक चली ताबड़तोड़ कार्रवाई में लगभग एक हजार स्क्वायर फीट में बने 10 कमरों के इस मकान को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।

6 घंटे चला प्रशासन का बुलडोजर

पूर्वाह्न 11 बजे एसडीएम सदर प्रभात राय और सीओ सदर शुभम वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मोहल्ला गढ़ी पूर्वी प्रथम स्थित आरोपी के मकान पर पहुंचे। कार्रवाई शुरू करने से पहले प्रशासन ने आरोपी के रिश्तेदारों को बुलाकर घर के अंदर रखा सामान उनके सुपुर्द किया। इसके बाद पहले हथौड़ों से ऊपरी हिस्सा तोड़ा गया और फिर जेसीबी की मदद से शाम पांच बजे तक पूरे ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया।

31 जुलाई को हुई थी गौतम की हत्या, सड़क जाम कर की थी मांग

31 जुलाई की रात गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण 1 अगस्त को हिंदू संगठनों ने कांट थाने के घेराव के साथ कांट-जलालाबाद मार्ग पर 8 घंटे तक जाम लगाया था। मौके पर पहुंचे एसपी सौरभ दीक्षित से प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की थी, जिस पर प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया था।

मानचित्र स्वीकृत न होने पर नगर पंचायत ने दिया था नोटिस

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर, उसके पिता लियाकत, भाई तदीम और चचेरे भाई राजा को जेल भेज दिया है। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नूरजहां ने बताया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किए गए इस अनधिकृत निर्माण पर 2 अगस्त को नोटिस चस्पा कर 15 दिन में जवाब मांगा गया था। तय सीमा में कोई जवाब न मिलने पर यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई।

आरोपी पक्ष ने लगाया पक्षपात का आरोप

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद आरोपी पक्ष की महिला रिश्तेदारों ने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अश्वनी के मकान पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Scroll to Top