यूपी मौसम अपडेट: चक्रवात ‘अर्नब’ और पश्चिमी विक्षोभ का असर, 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, गिरेगा तापमान

​यूपी मौसम अपडेट: चक्रवात 'अर्नब' और पश्चिमी विक्षोभ का असर, 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, गिरेगा तापमान

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिज़ाज तेजी से बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से राज्य में आंधी, तेज बारिश और ठंड की दस्तक देखने को मिलेगी।

बुधवार को सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के साथ बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 29 से 31 अक्टूबर के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखा जाएगा।

8 डिग्री तक गिर सकता है पारा

मौसम विज्ञान केंद्र (लखनऊ) के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले 3 दिनों के दौरान बादलों की आवाजाही, तेज आंधी और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे पूर्वांचल, मध्यांचल और तराई क्षेत्रों में ठंड का असर अचानक बढ़ जाएगा।

ऑरेंज अलर्ट: इन 7 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 7 दक्षिणी और पूर्वी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है:

प्रयागराज,सोनभद्र,मिर्जापुर,चंदौली,वाराणसी,भदोही,गाजीपुर (एवं आसपास के क्षेत्र)

येलो अलर्ट: इन 12 जिलों में होगी भारी बारिश

तराई और पूर्वी यूपी के 12 जिलों में मध्यम से भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है:

चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलियादेवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर,सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर

45 जिलों में वज्रपात और 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी का खतरा

प्रदेश के लगभग 45 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने, बिजली चमकने और वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने की आशंका जताई गई है।

प्रभावित प्रमुख जिले:

बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, बस्ती, महाराजगंज, संत कबीर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बिजनौर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर,रामपुर, संभल आदि।

नागरिकों के लिए सलाह

मौसम विशेषज्ञों ने बारिश और आंधी के दौरान लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है। किसानों को भी अपनी पकी फसलों और उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Scroll to Top