आगरा। शहर के शाहगंज क्षेत्र स्थित आवासीय पुलिस लाइन में शनिवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब एक सरकारी क्वार्टर के अंदर महिला सिपाही का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 30 वर्षीय आरती के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि छुट्टी के दौरान आरती अपने घर जाने के बजाय पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में अकेले रह रही थीं। शनिवार सुबह काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास रहने वाले लोगों को चिंता हुई। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे के अंदर उनका शव मिला।
कमरे में मिला आधे पन्ने का सुसाइड नोट
पुलिस को कमरे में बेड के पास आधे पन्ने का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें लिखी एक पंक्ति ‘ऐसी औलाद फिर से न मिले’ ने मामले को और गंभीर बना दिया है। नोट में माता-पिता के अलावा भाई सहित कुछ अन्य लोगों के नाम लिखे होने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, आरती की किसी व्यक्ति से बातचीत होती थी, जिसे लेकर परिवार के कुछ सदस्य सहमत नहीं थे। हालांकि, इस पहलू की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जांच अभी बाकी है।
परिजनों को दी गई सूचना, जांच जारी
बताया गया है कि घटना से पहले के दिनों में आरती की गतिविधियां सामान्य नहीं लग रही थीं। वह पिछले दो दिनों से घर से बाहर भी नहीं निकली थीं। पहले वह लोहामंडी थाने में तैनात रह चुकी थीं। कभी-कभी उनकी मां भी उनके साथ सरकारी आवास पर रुकने आती थीं।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के मुताबिक, घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।









