बदायूं: जिला अस्पताल में इंसानियत शर्मसार, मृत महिला के कानों से कुंडल नोचने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, सेवा समाप्त

बदायूं: जिला अस्पताल में इंसानियत शर्मसार, मृत महिला के कानों से कुंडल नोचने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, सेवा समाप्त

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला अस्पताल से मानवता को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल में तैनात आउटसोर्सिंग के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने मृत महिला के शव से सोने के कुंडल नोच लिए। परिजनों की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की यह करतूत पकड़ी गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अस्पताल प्रशासन की सख्ती के बाद आउटसोर्सिंग कंपनी ने आरोपी कर्मचारी की सेवाएं भी तुरंत समाप्त कर दी हैं।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल लाई गई थी महिला

मिली जानकारी के अनुसार, दातागंज क्षेत्र के गांव परा निवासी बाबू हसन की पत्नी श्यना बेगम की बुधवार रात अचानक तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उन्हें रात करीब आठ बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रास्ते में खुला राज, अस्पताल में मचा हड़कंप

मौत की पुष्टि होने के बाद परिजन कागजी कार्रवाई पूरी करने में व्यस्त हो गए। इसी बीच अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी संविदा कर्मी वीरू ने मौका पाकर मृतका के कानों से सोने के कुंडल निकाल लिए और उन्हें अस्पताल की सीढ़ियों (जीने) के नीचे छुपा दिया।परिजन जब शव को घर ले जा रहे थे, तो रास्ते में हवा के झोंके से शव के चेहरे से कपड़ा हट गया। तब परिजनों की नजर महिला के कानों पर पड़ी और कुंडल गायब देख उनके होश उड़ गए। परिजन तुरंत गाड़ियों में सवार होकर वापस जिला अस्पताल पहुंचे।

CCTV ने खोली पोल, सीढ़ियों के नीचे से मिले कुंडल

नोकझोंक हुई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की मौजूदगी में सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली गई। वीडियो फुटेज में संविदा कर्मी वीरू साफ तौर पर शव से कुंडल निकालते हुए कैद पाया गया। चोरी पकड़े जाने पर आरोपी को तुरंत दबोच लिया गया, जिसकी निशानदेही पर सीढ़ियों के नीचे छुपाकर रखे गए कुंडल बरामद कर लिए गए।

आरोपी पर मुकदमा दर्ज, नौकरी से निकाला

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय ने आउटसोर्सिंग कंपनी को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कंपनी के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीरू की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का पत्र जारी कर दिया।

महिला के बेटे मोहम्मद उमर अंसारी की तहरीर पर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।”— रजनीश कुमार उपाध्याय, सीओ सिटी, बदायूं

Scroll to Top