लखनऊ अग्निकांड: कोचिंग सेंटर में आग से 15 छात्रों की मौत; सीएम योगी बोले- ‘दोषी बख्शे नहीं जाएंगे’, SIT गठित

लखनऊ अग्निकांड: कोचिंग सेंटर में आग से 15 छात्रों की मौत; सीएम योगी बोले- 'दोषी बख्शे नहीं जाएंगे', SIT गठित

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कोचिंग और एनिमेशन कोर्स करने वाले 15 छात्र-छात्राओं की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। जान बचाने के लिए बिल्डिंग की दूसरी और तीसरी मंजिल से कूदे 9 छात्रों की हालत नाजुक बनी हुई है।शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट और एसी (AC) का कंप्रेसर फटना बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर सीधे लखनऊ पहुंचे।

सीएम योगी का बड़ा बयान: “जिंदगी नहीं लौटा सकते, लेकिन न्याय होगा”

अग्निकांड की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने सभी कार्यक्रम रोक दिए। वे सीधे अलीगंज स्थित घटनास्थल पहुंचे और इसके बाद किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) जाकर घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की।पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा:”हम किसी की जिंदगी तो नहीं लौटा सकते, लेकिन विश्वास दिलाते हैं कि दोषी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिजनों के साथ खड़ी है।”

पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता की घोषणा

मृतकों के परिजनों को: ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता।

घायलों को: ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता और मुफ्त इलाज।

दो सदस्यीय SIT गठित, 7 दिन में मांगी रिपोर्ट

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर रात एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। उन्होंने घटना पर भारी नाराजगी जताते हुए दोषियों को चिन्हित करने के लिए विशेष जांच दल (SIT) के गठन का आदेश दिया।

SIT के सदस्य: अमृत अभिजात (अपर मुख्य सचिव – धर्मार्थ कार्य, पर्यटन, संस्कृति विभाग) और प्रवीण कुमार (एडीजी जोन, लखनऊ)।

समय सीमा: जांच दल को 7 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपनी होगी।

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

पुलिस और दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अलीगंज स्थित इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप (Pet Shop) है।

पहली मंजिल पर: पेट शॉप मालिक का वेयरहाउस (गोदाम) था।

दूसरी और तीसरी मंजिल पर: थ्री-डी एनिमेशन ट्रेनिंग सेंटर, गेमिंग जोन और 12वीं तक के छात्रों का कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था।

दोपहर करीब ढाई बजे पहली मंजिल पर स्थित वेयरहाउस में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं और आग की लपटों के कारण ऊपर पढ़ रहे छात्र अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और SDRF की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तब तक 15 मासूम अपनी जान गंवा चुके थे।

सीएम योगी ने रद्द किए अपने अगले सभी कार्यक्रम

इस भीषण त्रासदी के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 जून (मंगलवार) के अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्हें हाथरस में ₹548 करोड़ की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करना था, जिसके बाद वे आगरा में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करने वाले थे। वहीं, राजधानी के सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी स्थिति का जायजा लेने के लिए लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं।

Scroll to Top