CBSE का बड़ा फैसला: कक्षा 12वीं के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन की अंतिम तिथि बढ़ी, पोर्टल पर साइबर हमले की भी जांच शुरू

CBSE का बड़ा फैसला: कक्षा 12वीं के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन की अंतिम तिथि बढ़ी

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के छात्रों को एक बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के वेरिफिकेशन (अंकों की जांच) और री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि को एक दिन के लिए आगे बढ़ा दिया है।पहले आवेदन करने की अंतिम समय सीमा 6 जून 2026 की मध्यरात्रि तक तय की गई थी, जिसे अब संशोधित करके 7 जून 2026 की मध्यरात्रि कर दिया गया है।

छात्रों की सहूलियत के लिए लिया गया फैसला

सीबीएसई के अनुसार, यह निर्णय पूरी तरह से छात्रों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। बोर्ड का उद्देश्य छात्रों को अतिरिक्त समय और बेहतर सुविधा प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी तकनीकी या मानसिक तनाव के अपनी आवेदन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा कर सकें। बोर्ड ने सभी संबंधित छात्रों से अपील की है कि वे इस संशोधित समय सीमा का ध्यान रखें और अंतिम क्षणों की हड़बड़ी से बचने के लिए समय पर अपना आवेदन जमा कर दें।

पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल पर साइबर हमले का शक

यह राहत भरा फैसला ऐसे समय में आया है जब सीबीएसई का पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल एक बड़े विवाद और जांच के घेरे में है। यह वही आधिकारिक पोर्टल है जिसके माध्यम से देश भर के लाखों छात्र परिणाम के बाद स्क्रूटनी और री-इवैल्यूएशन के लिए अप्लाई करते हैं।बोर्ड की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस की इंटेलेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने शुक्रवार को इस मामले में एक एफआईआर (FIR) दर्ज की है। सीबीएसई ने पुलिस को सूचित किया था कि पोर्टल के कामकाज को ठप करने और उसे बाधित करने के लिए कई समन्वित (coordinated) और तकनीकी रूप से उन्नत साइबर हमलों की कोशिश की गई थी।

पूरी तरह सुरक्षित है डेटा: अधिकारी

राहत की बात यह है कि इन संदिग्ध गतिविधियों के बावजूद बोर्ड का डेटाबेस पूरी तरह सुरक्षित है। जांच अधिकारियों और सीबीएसई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि:

सीबीएसई के किसी भी संवेदनशील डेटा, सिस्टम या छात्रों के रिकॉर्ड के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।

साइबर हमलों की यह कोशिश 2 जून 2026 को सुबह 7 बजे पोर्टल लाइव होने के पहले ही दिन शुरू हो गई थी।

बोर्ड के मजबूत सुरक्षा तंत्र के कारण यह पोर्टल बिना किसी रुकावट के पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से काम कर रहा है।

छात्रों के लिए महत्वपूर्ण नोट: यदि आप अपनी कक्षा 12वीं के मार्क्स से संतुष्ट नहीं हैं और वेरिफिकेशन या री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो अब आपके पास 7 जून 2026 की रात 11:59 बजे तक का समय है। आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जल्द से जल्द अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें।

Scroll to Top