बांदा: लव मैरिज से नाराज पिता ने थाने के अंदर बेटी को चाकू से गोदा, इलाज के दौरान मौत; आरोपी पिता हिरासत में

बांदा: लव मैरिज से नाराज पिता ने थाने के अंदर बेटी को चाकू से गोदा, इलाज के दौरान मौत

बांदा (उत्तर प्रदेश)।उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से ऑनर किलिंग (Honor Killing) का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय से करीब 43 किलोमीटर दूर बदौंसा थाने के भीतर एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। युवती ने अपनी मर्जी से दूसरी जाति के युवक के साथ लव मैरिज की थी, जिससे पिता बेहद नाराज था। पुलिस हिरासत में काउंसलिंग के दौरान पिता ने इस आत्मघाती कदम को अंजाम दिया। घटना को देख लड़की की मां मौके पर ही बेहोश हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

चार साल का अफेयर और कोर्ट मैरिज

जानकारी के मुताबिक, बदौंसा थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले सत्यकुमार चौहान (55) की छोटी बेटी शिवानी (19) का मोहल्ले के ही ललित वर्मा (20) से पिछले चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चूंकि ललित दूसरी बिरादरी का था, इसलिए शिवानी के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।
​बीती 18 मई को शिवानी और ललित घर से भाग गए। दोनों ने पहले मंदिर और फिर रजिस्ट्रार कार्यालय में कानूनी तौर पर शादी कर ली। शिवानी के लापता होने के बाद उसकी मां रन्नो देवी ने बदौंसा थाने में ललित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

मध्य प्रदेश से बरामद कर थाने लाई थी पुलिस

पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों मध्य प्रदेश के सतना जिले की बरौंधा घाटी क्षेत्र में छिपे हैं। यूपी पुलिस ने एमपी पुलिस के सहयोग से दोनों को सकुशल बरामद किया और शुक्रवार को बदौंसा थाने लेकर आई। इसके बाद नियमानुसार दोनों के परिजनों को थाने बुलाया गया।

काउंसलिंग रूम में हुआ खूनी खेल

थाने में पूछताछ के दौरान शिवानी और ललित ने पुलिस को अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही और विवाह के दस्तावेज भी पेश किए। पुलिस शिवानी का मेडिकल टेस्ट और कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की औपचारिकताएं पूरी कर रही थी।इसी बीच, काउंसलर ने शिवानी को उसके पिता सत्यकुमार और मां रन्नो देवी के साथ अकेले में बात करने का समय दिया। कमरे में पिता लगातार शिवानी को समझा रहा था कि लड़का दूसरी जाति का है और इससे समाज में परिवार की भारी बदनामी हो रही है, इसलिए वह ललित को तलाक दे दे।बेटी की आखिरी जिद: शिवानी अपने फैसले पर अड़ी रही। उसने पिता से दो टूक कहा, “मैंने ललित से शादी की है, अब वह मेरा पति है। अब उसी के साथ जीना है और उसी के साथ मरना है।”

3-4 सेकंड में ताबड़तोड़ वार, मां हुई बेहोश

बयान दर्ज होने के बाद शिवानी को वन स्टॉप सेंटर भेजने की तैयारी चल रही थी। वहां करीब 15 से 20 लोग मौजूद थे, जिनमें लड़की की मां और लड़के का भाई भी शामिल थे। तभी अचानक गुस्से से तमतमाए सत्यकुमार ने अपनी जेब से चाकू निकाला और महज 3 से 4 सेकंड के भीतर शिवानी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।थाने के भीतर चीख-पुकार मच गई। अपनी ही आंखों के सामने बेटी को लहूलुहान होते देख मां रन्नो देवी मौके पर ही बेहोश हो गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपी पिता को दबोच लिया और घायल शिवानी को तत्काल अतर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। वहां से गंभीर हालत में उसे बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

एसपी का बयान: मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

बांदा के पुलिस अधीक्षक (SP) पलाश बंसल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया:”18 मई को युवती के लापता होने के बाद बदौसा थाने में केस दर्ज था। 12 जून को युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों को सूचित किया गया था। थाने में बातचीत और काउंसलिंग के दौरान युवती के पिता ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस सुरक्षा और थानों के भीतर वीआईपी या काउंसलिंग एरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर एक शख्स धारदार चाकू लेकर थाने के भीतर कैसे प्रवेश कर गया।

Scroll to Top