लखनऊ में दिनदहाड़े घर में घुसी लूट: महिला पर हमले के बाद लाखों के जेवर चोरी, पुलिस जांच में जुटी

लखनऊ में दिनदहाड़े घर में घुसी लूट: महिला पर हमले के बाद लाखों के जेवर चोरी, पुलिस जांच में जुटी

लखनऊ: राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन सेक्टर-दो में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर अकेली महिला पर हमला किया और लाखों रुपये के जेवर तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, ओपी चौधरी अस्पताल में सुपरवाइजर लक्ष्मीकांत मिश्रा अपने परिवार के साथ अस्पताल के पास स्थित पहली मंजिल के मकान में रहते हैं। बुधवार दोपहर घर की अन्य महिलाएं व पुरुष काम तथा बाजार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जिससे घर पर उनकी बहू ज्योति मिश्रा अकेली थीं।ज्योति के अनुसार, दोपहर करीब 2:00 बजे उन्हें बगल के कमरे में कुछ आहट महसूस हुई। जब वे देखने बाहर निकलीं, तो दो नकाबपोश बदमाश मौजूद थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उनका गला दबाने की कोशिश की और सिर पर लोहे के हथियार से वार कर उन्हें बेहोश कर दिया।शाम करीब 4:00 बजे जब ज्योति की ननद आकांक्षा ड्यूटी से घर लौटीं, तो उन्होंने भाभी को बेहोश पाया। आनन-फानन में पड़ोसियों की मदद से ज्योति को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

15 लाख की लूट का आरोप, पुलिस को मिले 80% जेवर

पीड़िता के अनुसार, बदमाश घर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद ले गए हैं।दूसरी ओर, घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार, एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव और पीजीआई पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि जितना सामान गायब होने का दावा किया गया था, उसमें से लगभग 80 प्रतिशत माल घर के भीतर ही मिल गया है।

पुलिस को शक, जांच जारी

पुलिस प्रशासन का मानना है कि लूट की यह घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रही है। पुलिस ज्योति की भूमिका सहित सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Scroll to Top