मिर्जापुर कलान (शाहजहाँपुर)।देश सेवा के जज्बे और कड़ी मेहनत के दम पर ग्राम-मैथिल नगर पैलानी उत्तर (मिर्जापुर कलान) के रहने वाले पुष्पेंद्र शर्मा (उम्र 21 वर्ष), पुत्र श्री रामसनेही शर्मा का चयन भारतीय सेना के टी.डी.टी (सिग्नल कोर) में हो गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर गाँव में भारी उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में पुष्पेंद्र शर्मा के सम्मान और आगामी सफर के लिए एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इलाके के कई गाँवों से उमड़ा जनसैलाब
इस विदाई समारोह में मुख्य रूप से डॉ. के.पी. गुप्ता और उनकी टीम ने शिरकत की। पुष्पेंद्र की इस कामयाबी से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित है। विदाई समारोह में मैथिल नगर पैलानी उत्तर और उसके आस-पास के कई गाँवों से भारी संख्या में लोग पहुंचे। जब पुष्पेंद्र को विदा करने का समय आया, तो वहाँ मौजूद हर ग्रामीण की आँखें खुशी और भावुकता से नम हो गईं।
हनुमान चालीसा और श्रीरामचरितमानस देकर किया विदा
समारोह के दौरान डॉ. के.पी. गुप्ता और उनकी टीम द्वारा देश के इस भावी रक्षक को सनातन संस्कृति का प्रतीक ‘हनुमान चालीसा’ और महाकाव्य ‘श्रीरामचरितमानस’ भेंट की गई।”हमें गर्व है कि हमारे क्षेत्र का युवा देश की सीमाओं की रक्षा के लिए जा रहा है। हमने उन्हें हनुमान चालीसा और श्रीरामचरितमानस भेंट कर ईश्वर से उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की है। भगवान उन्हें देश सेवा के इस मार्ग पर हमेशा शक्ति और साहस प्रदान करें।”— डॉ. के.पी. गुप्ता
इस मौके पर डॉ. गुप्ता की पूरी टीम और समस्त क्षेत्रवासियों ने पुष्पेंद्र शर्मा को मिठाई खिलाकर और फूलों का हार पहनाकर विदा किया तथा उनके उज्ज्वल व सफल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं कीं।









