शाहजहाँपुर पुलिस की अनूठी पहल: जनशिकायतों के निस्तारण के लिए अब पीड़ित के घर पहुँचेगी पुलिस, पहले ही दिन 17 मामलों का मौके पर फैसला

शाहजहाँपुर पुलिस की अनूठी पहल: जनशिकायतों के निस्तारण के लिए अब पीड़ित के घर पहुँचेगी पुलिस, पहले ही दिन 17 मामलों का मौके पर फैसला

शाहजहाँपुर, जनपद में जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और तेजी लाने के लिए शाहजहाँपुर पुलिस ने एक बेहद संवेदनशील और सराहनीय कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में जिले में एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत अब शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए थानों या बड़े अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि पुलिस खुद उनके दरवाजे पर जाकर मामले का निपटारा करेगी।
​इस विशेष अभियान के पहले ही दिन शाहजहाँपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 17 शिकायतों का मौके पर जाकर सफल निस्तारण किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संभाल रहे हैं कमान

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के करीबी पर्यवेक्षण में आईजीआरएस (IGRS) व अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए यह मुहिम छेड़ी गई है। इस पूरे विशेष अभियान का नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को बनाया गया है।

हर दिन फील्ड में उतरेंगे अफसर: तय हुआ कोटा

अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा कड़े निर्देश जारी किए गए हैं:

क्षेत्राधिकारी (CO): प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम 01 स्थान पर खुद मौके पर जाएंगे।

थाना प्रभारी (SO/SHO): प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में रोजाना कम से कम 02 स्थानों पर जाकर खुद शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करेंगे।

परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। शाहजहाँपुर पुलिस खुद शिकायतकर्ता के घर जाकर स्थलीय निरीक्षण करेगी, दोनों पक्षों की बात सुनेगी और उनका फीडबैक लेकर पूरी संतुष्टि के साथ मामले का समाधान करेगी।”– शाहजहाँपुर पुलिस प्रशासन

जनता को मिलेगी बड़ी राहत

इस अभियान का सबसे बड़ा फायदा आम जनता को मिलेगा। बुजुर्गों, महिलाओं और असहाय लोगों को बार-बार थाने या उच्चाधिकारियों के पुलिस ऑफिस आने-जाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। मौके पर ही दोनों पक्षों की मौजूदगी में जांच होने से न सिर्फ पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि न्याय भी त्वरित और बेहतर तरीके से मिल सकेगा।शाहजहाँपुर पुलिस की इस पहल की जनता में काफी सराहना हो रही है।

Scroll to Top