अमरोहा: 8 साल की बच्ची से दरिंदगी, फरार आरोपी के अवैध घर पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

8 साल की बच्ची से दरिंदगी, फरार आरोपी के अवैध घर पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

अमरोहा (बुरावली): उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सोमवार दोपहर एक 18 वर्षीय युवक ने पड़ोस में रहने वाली 8 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ मामला दर्ज किया, बल्कि फरार आरोपी को सरेंडर की चेतावनी देते हुए रात में उसके घर के अवैध हिस्से पर बुलडोजर चला दिया।

घूमने के बहाने खेत में ले जाकर की दरिंदगी

घूमने के बहाने खेत में ले जाकर की दरिंदगीपीड़ित परिजनों के मुताबिक, कक्षा दो में पढ़ने वाली 8 वर्षीय बच्ची सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर के बाहर थी। तभी पड़ोस में रहने वाला 18 वर्षीय आरोपी युवक उसे बहला-फुसलाकर घूमने के बहाने अपनी भैंसा-बुग्गी पर बैठाकर ले गया। आरोपी ने खेत में ले जाकर मासूम के साथ दरिंदगी की। वारदात के बाद जब मासूम रोते हुए घर पहुंची, तो उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। बदहवास परिजन तुरंत बच्ची को लेकर रहरा थाने पहुंचे।

सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात

चूंकि पीड़िता अनुसूचित जाति से है और आरोपी दूसरे समुदाय का है, इसलिए घटना के बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह यादव तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर बिना किसी देरी के आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात कर दी गई।

सरेंडर नहीं किया तो रात में गरज उठा बुलडोजर

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। इस बीच प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार शाम करीब सात बजे आरोपी के घर के बाहर दो बुलडोजर खड़े कर दिए और मुनादी कराकर चेतावनी दी कि यदि आरोपी ने तुरंत सरेंडर नहीं किया, तो उसका घर ध्वस्त कर दिया जाएगा।आरोपी के सामने न आने और उसके परिजनों द्वारा सहयोग न करने पर, रात करीब नौ बजे प्रशासन ने बुलडोजर की कार्रवाई शुरू कर दी। लगभग आधे घंटे के भीतर आरोपी के मकान के एक बड़े हिस्से को ढहा दिया गया।

अधिकारियों के बयान

वारदात को अंजाम देकर भागे आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आरोपी के परिजनों से भी सहयोग की अपील की गई थी, लेकिन उन्होंने मदद नहीं की। इसके बाद घर के अवैध हिस्से पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की गई है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी होगी।”— लखन सिंह यादव, एसपी, अमरोहा

आरोपी के घर का कुछ हिस्सा अवैध रूप से निर्मित था। राजस्व और पुलिस विभाग की मौजूदगी में केवल उसी अवैध निर्माण पर बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। पीड़ित बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।”— हिमांशु उपाध्याय, एसडीएम, हसनपुर

मुख्य बिंदु:घटना का समय: सोमवार, दोपहर करीब 2:00 बजे।कार्रवाई: रात करीब 9:00 बजे आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर।पीड़िता की स्थिति: फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी, स्थिति पर नजर।

Scroll to Top