​यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: बरेली डीआईजी और शाहजहाँपुर एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

​यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: बरेली डीआईजी और शाहजहाँपुर एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

शाहजहाँपुर।उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार (8 जून) को पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) और शाहजहाँपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा।

पुलिस लाइन में ली सलामी, दिए निर्देश

निरीक्षण की शुरुआत से पहले बरेली डीआईजी ने रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर में सलामी ली। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा केंद्रों की बारीकी से हुई जांच

सलामी ग्रहण करने के उपरांत डीआईजी और एसपी शाहजहाँपुर ने सीधे परीक्षा केंद्रों का रुख किया। दोनों अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर

अभ्यर्थियों की चेकिंग और प्रवेश व्यवस्था को देखा।

सुरक्षा प्रबंधन और पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया।

सीसीटीवी कैमरों की वर्किंग और कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था को परखा।

केंद्रों के आसपास यातायात संचालन और सुरक्षा घेरे का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी

डीआईजी ने केंद्र व्यवस्थापकों, प्रशासनिक अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल के साथ समन्वय बैठक की। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता, अनुशासन और सजगता के साथ हर गतिविधि पर पैनी नजर रखें।उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए मोबाइल पुलिसिंग (भ्रमणशील पुलिस व्यवस्था) को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं

Scroll to Top