शाहजहांपुर में पिता को देखकर लौटे बेटे की मौत, सदमे में बुजुर्ग ने भी तोड़ा दम

शाहजहांपुर में पिता को देखकर लौटे बेटे की मौत, सदमे में बुजुर्ग ने भी तोड़ा दम

शाहजहांपुर: जिले के रोजा क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती बीमार पिता से मिलकर घर लौटे युवक की अचानक मौत हो गई। बेटे के निधन की सूचना जब आईसीयू में भर्ती बुजुर्ग पिता को मिली, तो वे यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके और कुछ ही देर बाद उन्होंने भी प्राण त्याग दिए। एक ही दिन में पिता और पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, रोजा थाना क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में रहने वाले रामशरण कुशवाहा बिजली विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी थे। पिछले कुछ दिनों से उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली ले गए, लेकिन वहां तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें वापस शाहजहांपुर लाए और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से उन्हें आईसीयू में रखा गया।

लौटते ही थम गईं बेटे की सांसें

बताया जा रहा है कि रामशरण कुशवाहा का बड़ा बेटा मनोज अपने बीमार पिता का हालचाल जानने के लिए मेडिकल कॉलेज गया था। पिता से मिलकर वह घर लौटा ही था कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और हृदयगति रुकने से उसकी मौत हो गई।

सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम

उधर, मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में उपचाराधीन रामशरण कुशवाहा को किसी माध्यम से बड़े बेटे मनोज की मौत की खबर लग गई। जवान बेटे के जाने का गम और सदमा बुजुर्ग पिता सहन नहीं कर पाए और कुछ देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एक ही दिन में घर के दो सदस्यों को खो देने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मनोज एक निजी फर्म में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पीछे पत्नी और छह बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ जाने के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।

Scroll to Top