पीलीभीत के पूरनपुर में खरीदारी करने आई युवती से अभद्रता करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हवालात से लंगड़ाते और कान पकड़कर माफी मांगते आरोपियों का वीडियो सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर।
पीलीभीत। जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में उत्तराखंड से खरीदारी करने आई एक युवती के साथ अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के तेवर ढीले पड़ गए और वे थाने से लंगड़ाते हुए व कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तिरंगा चौराहे के पास हुई थी घटना
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को उत्तराखंड के खटीमा निवासी एक युवक अपनी महिला मित्र के साथ पूरनपुर कस्बे में घूमने और खरीदारी करने आया था। जब दोनों तिरंगा चौराहे के पास मौजूद थे, तभी स्थानीय स्तर के कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने बिना किसी वजह के उनसे पूछताछ शुरू कर दी और युवती के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए बदसलूकी की।
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
युवक और युवती को घेरे जाने की खबर फैलते ही मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पूरनपुर कोतवाली पुलिस भीड़ से निकालकर युवक और युवती को सुरक्षित थाने ले आई।
युवती की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
कोतवाली में पूछताछ के दौरान युवती ने स्पष्ट किया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से अपने दोस्त के साथ खरीदारी करने आई थी। उसने आरोप लगाया कि रास्ते में कुछ मनचलों ने उन्हें बेवजह रोककर परेशान किया और अभद्रता की। युवती की लिखित शिकायत (तहरीर) के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच शुरू की और दो नामजद आरोपियों—मोहल्ला बमनपुरी (वार्ड नंबर-4) निवासी राहिल और मोहल्ला लाइनपार साहूकारा (वार्ड नंबर-12) निवासी अफजल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हिरासत में आने के बाद दोनों आरोपियों के होश ठिकाने आ गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दोनों आरोपी लंगड़ाते हुए और कान पकड़कर अपनी गलती की माफी मांगते दिख रहे हैं।
सीओ का बयान
इस पूरे मामले पर पूरनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विधि भूषण मौर्य ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। घटना में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









