खाकी पर लगा बड़ा दाग: दिल्ली के कारोबारी से करोड़ों की लूट का पर्दाफाश, गिरफ्तार आरोपियों का कनेक्शन सुनकर चौंक जाएंगे आप

खाकी पर लगा बड़ा दाग: दिल्ली के कारोबारी से करोड़ों की लूट का पर्दाफाश, गिरफ्तार आरोपियों का कनेक्शन सुनकर चौंक जाएंगे आप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में करोड़ों रुपये के सोना लूट मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दिल्ली के एक सर्राफा कारोबारी से हुई इस बड़ी वारदात में खाकी और केंद्रीय एजेंसी के कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई है। लखनऊ क्राइम ब्रांच और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) की टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि जौनपुर पुलिस के एक सिपाही समेत तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

जौनपुर से शुरू हुई साजिश, लखनऊ में वारदात

प्रारंभिक जांच के अनुसार, दिल्ली का एक कारोबारी आभूषण बनवाने के सिलसिले में जौनपुर गया था। इसी दौरान जौनपुर में तैनात एक सिपाही को कारोबारी के पास भारी मात्रा में सोना होने की भनक लग गई। आरोप है कि उसने कारोबारी की आवाजाही और सोने की खेप से जुड़ी सूचनाएं लीक कीं और लखनऊ पुलिस में तैनात अपने परिचित सिपाही के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

कारोबारी जब बस के जरिए सफर कर रहा था, तभी सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में आरोपियों ने उसे निशाना बनाकर सोना लूट लिया। इस मामले में स्थानीय पुलिस और केंद्रीय एजेंसी से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बाद महकमे में खलबली मच गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस टीम ने जिन पांच लोगों को हिरासत में लिया है, उनमें लखनऊ के गौतमपल्ली थाने का सिपाही दुर्गेश कुमार और राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) का मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) कर्मी अविनाश शाही शामिल हैं। दोनों पर साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने के आरोप हैं।

इनके अलावा प्रीतम सोनी और तिलक मांझी को कारोबारी की रेकी व मुखबिरी करने के आरोप में पकड़ा गया है, जबकि राहुल चौहान नामक सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार किया गया है।

तीन आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर

मामले में जौनपुर पुलिस के कथित सिपाही, उसके भाई और एक अन्य सहयोगी की तलाश जारी है। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और लूट की पूरी कड़ी जोड़ने के लिए हर पहलू की गहन छानबीन की जा रही है।

Scroll to Top