श्रद्धा और आस्था का अनोखा संगम: हरिद्वार से गंगाजल लेकर सैफई पहुंचे कांवड़िया, मुलायम सिंह यादव की समाधि पर किया जलाभिषेक

इटावा (सैफई):समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव (‘नेताजी’) के प्रति समर्थकों की दीवानगी और आस्था का एक अलग ही रूप सामने आया है। प्रयागराज के एक युवक ने हरिद्वार से गंगाजल लाकर सैफई स्थित मुलायम सिंह यादव के समाधि स्थल पर जलाभिषेक किया।

7 दिनों की कठिन पैदल यात्रा

प्रयागराज जिले के ग्राम फसंदर खुर्द निवासी 38 वर्षीय जयप्रकाश यादव कांवड़ लेकर हरिद्वार से पैदल यात्रा पर निकले थे। लगभग सात दिनों तक कठिन पैदल सफर तय करने के बाद वह इटावा जिले के सैफई गांव पहुंचे। भीषण गर्मी और लंबी दूरी की परवाह किए बिना वह पूरे रास्ते ‘नेताजी’ के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा लेकर आगे बढ़ते रहे।

समाधि स्थल पर विधि-विधान से पूजा

सैफई पहुंचने के बाद जयप्रकाश सीधे नेताजी के समाधि स्थल (मेमोरियल) पहुंचे। वहां उन्होंने हरिद्वार से कांवड़ में लाए पवित्र गंगाजल से मुलायम सिंह यादव की समाधि पर जलाभिषेक किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

नेताजी मेरे लिए भगवान समान’

पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयप्रकाश यादव ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव उनके लिए किसी भगवान से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा, “नेताजी ने जीवनभर गरीबों, किसानों और शोषितों के हक की लड़ाई लड़ी। उनके प्रति मेरी गहरी आस्था है। इसी संकल्प के साथ मैंने हरिद्वार से गंगाजल लाकर उनकी समाधि पर अर्पित करने का मन बनाया था, जो आज पूरा हुआ।”

इस दौरान स्थानीय लोगों और सपा कार्यकर्ताओं ने भी जयप्रकाश के इस अनोखे समर्पण और भक्ति भाव की सराहना की।

Scroll to Top