कानपुर: काकादेव के ओम चौराहे पर कारोबारी अमित कुमार गुप्ता की हत्या के मामले में रविवार को पुलिस ने मुख्य नामजद आरोपी संजय ढाबा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी गोली
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के अनुसार, चेकिंग के दौरान रोकने पर आरोपी संजय ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
50 से अधिक मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी संजय ढाबा के खिलाफ पहले से ही 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर किया था हमला
घटना 5 सितंबर की रात की है, जब पांडुनगर पुलिस चौकी से महज 300 मीटर दूर सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर नशे में धुत युवकों ने अमित कुमार गुप्ता पर ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया था। 8 सितंबर को इलाज के दौरान अमित की मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर संजय ढाबा, हितेंद्र श्रीवास्तव उर्फ मोनू नेता, कुशल श्रीवास्तव और अश्वनी यादव के नाम सामने आए थे।
पत्रकार की सलाह पर बनाया था वीडियो
पूछताछ में संजय ने खुलासा किया कि एक पत्रकार की सलाह पर उसने सोशल मीडिया पर खुद को बेगुनाह बताते हुए वीडियो जारी किया था। पुलिस अब इस मामले में पत्रकार की भूमिका की भी जांच कर रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।









