शाहजहांपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष का हत्या का आरोप

दहेज की वेदी पर चढ़ी एक और बेटी: शाहजहांपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष का हत्या का आरोप

सिंधौली (शाहजहांपुर)।थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव बचूइया में शादी के चार साल बाद 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार सुबह महिला का शव घर के भीतर टिनशेड में लगी धन्नी से फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हैं। वहीं, मायके वालों ने बुलेट बाइक की मांग को लेकर बेटी की प्रताड़ना और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

बुलेट की मांग को लेकर किया जा रहा था प्रताड़ित

लखीमपुर खीरी जिले के थाना मोहम्मदी अंतर्गत ग्राम मूड़ा गालिब निवासी रामरतन ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी कुसमा देवी की शादी साल 2022 में बचूइया निवासी शिवम के साथ की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार बाइक व अन्य घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन ससुराल के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे। मृतका के भाई संजय ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले लगातार बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे और इसके लिए कुसमा को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

बंद घर में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान

बृहस्पतिवार सुबह मायके पक्ष को किसी रिश्तेदार के जरिए कुसमा की मौत की सूचना मिली। जब पिता रामरतन और भाई संजय परिवार सहित बचूइया गांव पहुंचे, तो घर का दरवाजा बंद था और ससुराल वाले फरार हो चुके थे। अंदर जाने पर कुसमा का शव फंदे से लटका मिला। भाई संजय का दावा है कि कुसमा के शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं, जिससे साफ है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

दो साल की मासूम के सिर से उठा मां का साया

इस हृदयविदारक घटना के बाद से कुसमा की मां रामश्री, भाई राहुल और संजय सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। कुसमा की एक दो वर्षीय मासूम बेटी ‘तनवी’ है, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

पुलिस का बयान

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष से मिलने वाली तहरीर और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

Scroll to Top