समाज बदलेगा तो बेटियां होंगी अधिक सुरक्षित: डीएम

​मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम में 18 उत्कृष्ट महिलाओं को किया गया सम्मानित; सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण पर विशेष जोर

मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम में 18 उत्कृष्ट महिलाओं को किया गया सम्मानित; सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण पर विशेष जोर

शाहजहाँपुर।गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत एक भव्य संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं और बेटियों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक समाज की सोच नहीं बदलेगी, तब तक पूर्ण सुरक्षा संभव नहीं है।”समाचार पत्र और मीडिया केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त मंच हैं। प्रशासन, मीडिया और समाज मिलकर काम करें तो जागरूकता का असर कई गुना बढ़ जाता है।”— धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी

प्रमुख अधिकारियों के मुख्य संदेश

मिशन शक्ति से पुलिस की बदली छवि (एसपी सौरभ दीक्षित):पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि वर्ष 2019 से शुरू हुए मिशन शक्ति का वर्तमान में पाँचवाँ चरण चल रहा है। पिछले सात वर्षों में इसने महिला सुरक्षा के प्रति समाज और पुलिस का नज़रिया बदला है। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती से मामलों के निस्तारण में तेजी और संवेदनशीलता आई है।

जनभागीदारी के बिना उद्देश्य अधूरा (नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी):नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है। नारी सशक्तिकरण केवल एक सरकारी अभियान न होकर एक सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए अंतिम व्यक्ति तक पहुँच बनाना आवश्यक है।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण (सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी):मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने 14 से 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान में सहयोग की अपील की। डीएम ने घोषणा की कि जो भी संस्था या व्यक्ति 40 से 45 बालिकाओं का समूह तैयार करेगा, प्रशासन उनके लिए विशेष शिविर लगाकर मुफ्त टीकाकरण की व्यवस्था कराएगा।

18 उत्कृष्ट महिलाओं को मिला सम्मान

महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली 18 महिलाओं को अधिकारियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

प्रमुख सम्मानित हस्तियाँ एवं पुलिसकर्मी:

सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र: वर्षा गोस्वामी ,डॉ. संगीता मोहन (समर्पण संस्था), अमृता दीक्षित (जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर), नमिता यादव (वन स्टॉप सेंटर), श्वेता सक्सेना (भोर फाउंडेशन), नमिता सिंह (रानी लक्ष्मी विंग), नेहा सक्सेना (मातृत्व सोशल वेलफेयर), अल्पना श्रीवास्तव, ललिता यादव (इंटरनेशनल लायंस क्लब शक्ति),नीतू गुप्ता (वीआईपी ग्रुप), डॉ. मधुर कश्यप, महिमा शुक्ला (लायंस क्लब सहेली)।

पुलिस बल से: रश्मि अग्निहोत्री (प्रभारी निरीक्षक, महिला थाना), नीतू मलिक (थाना सदर बाजार), राजेंद्री (कोतवाली), जूली चौधरी (थाना पुवायां), डोली चौहान (थाना जलालाबाद) एवं साधना वाजपेयी (जन शिकायत प्रकोष्ठ)।

कार्यक्रम के अंत में उड़ान संस्था की डॉ. संगीता मोहन द्वारा 55 बालिकाओं का टीकाकरण समूह तैयार होने की जानकारी पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। सम्मानित महिलाओं ने समाज में आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Scroll to Top